गोपालगंज बाजार में फोर्स तैनात
अहरौला। ऑटोरिक्शा का नंबर लगाने के विवाद में रविवार की देर शाम अहरौला थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार में हुई गोलीबारी का असर दूसरे दिन सोमवार को साफ दिखा। बाजार में जहां सियापा छाया हुआ था, वहीं ऐहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है। एक पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के किसुनदेवपुर गांव निवासी सीताराम सिंह की तरफ से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में अहरौला थाना क्षेत्र के भेदौरा गांव निवासी विजय, विनय पुत्रगण राजबहादुर सिंह और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहरकिशुनदेवपुर गांव निवासी कुंवर विजय सिंह उर्फ बंटू को आरोपित किया गया है। सीताराम सिंह का आरोप है कि गोपालगंज बाजार में आटोरिक्शा का नंबर लगाने के विवाद में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद में रविवार की रात दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इनके बीच बाजार में ही गोलीबारी शुरू हो गई। अंधाधुंध फायरिंग में गोली दूकानदार संदीप शर्मा के पैर में लगी। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी-अपनी दूकानें बंद कर घर भाग गए। सोमवार को बाजार में छिटपुट दूकानें ही खुली हुई थी। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। ऐहतियात के तौर पर बाजार में फोर्स तैनात की गई है।