आजमगढ़। मुबारकपुर के गांव पिचरी में 21 फरवरी को युवक को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई। शव को दफना दिया गया। कोर्ट के आदेश पर घटना के पांच माह बाद मामले में पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पिचरी गांव निवासी श्रीराम ने शनिवार को कोर्ट के आदेश पर हत्या कर लाश छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरुवा गांव निवासी रामानंद यादव, पिचरी गांव निवासी दिलीप कुमार, ओझवली गांव निवासी महिला भुखली देवी पत्नी महेंद्र और पुरानी बस्ती निवासी शाहीद हसम को आरोपित किया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपीगण साजिश के तहत 21 फरवरी की शाम उसके बेटे अजय कुमार को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती बखरी मुहल्ले में बुलाए और हत्या कर शव कहीं दफना दिया। एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है।