बोगरियां। तरवां थाना क्षेत्र के ऊंचहुआ गांव के पुरवा ठाटा में बुधवार को शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से 25 बीघा गेहूं की फसल जल कर खाक हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ऊंचहुआ गांव के ठाटा पुरवा गांव में खेतों के बीच से बिजली का खंभा गया हुआ है। इन खंभों पर दौडे बिजली के तारों के बीच बुधवार को दिन में लगभग 12 बजे अचानक ही स्पार्किंग होने लगी। स्पार्किंग से निकली चिंगारी से खेत में तैयार खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। अगलगी की इस घटना में लगभग 25 बीघा गेहूं की फसल जल कर खाक हो गई। फसल में आग की लपट उठती देख ग्रामीण मौके पर एकजुट होकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में श्यामा यादव, राजेंद्र यादव, विनोद यादव, महेंद्र यादव, सुरेश यादव, रामनाथ, जवाहिर, रामदास, श्यामदास, रामबली, रविंद्र, शंकर यादव, भोजू यादव, विजय पांडेय, फेकू चौहान, कमला चौहान, अमला चौहान, दमालू, श्यामी देवी, सुरेंद्र यादव, तिलक यादव, लग्गन यादव, सिद्धनाथ की खड़ी गेहूं की फसल जल कर खाक हुई है। अगलगी की जानकारी होने पर लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन किया।