तहबरपुर। थाना क्षेत्र के बनकट गांव में सोमवार की सुबह सहमती से हटाए गए पशुओं के नाद, खुंटा को दोबारा अपने दरवाजे पर गाडने से पड़ोसी नाराज हो गए और मारने के लिए दौड़ा लिया। इस दौरान हवाई फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
तहबरपुर थाने के बनकट गांव निवासी वीरेंद्र यादव के बेटी की 23 फरवरी को शादी थी। इस दौरान बारातियों के ठहरने के लिए वीरेंद्र ने अपने पड़ोसी नरेंद्र यादव के दरवाजे पर व्यवस्था बनाई। साथ ही उसके पशुओं की नाद और खुंटा को कहीं और करवा दिया। विवाह संपन्न होनेे के बाद सोमवार को जब नरेंद्र पुन: अपने दरवाजे पर पशुओं का नाद रखकर उन्हें बांधने के लिए खुंटा गाडने लगा तो वीरेंद्र आदि उसका विरोध करते हुए नरेंद्र के परिवारवालों को मारने के लिए दौड़ा लिया। भयभीत नरेंद्र का परिवार जान बचाने के लिए पूर्व प्रमुख महेंद्र यादव के घर पहुंचकर शरण लिए। इस दौरान विपक्षी वहां भी पहुंच गए। आलम यह हुआ कि पूर्व प्रमुख के दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मनबढ़ों ने हवाइ फायरिंग कर दी। जिससे गांव में दहशत मच गई और लोग इधर-उधर भाग खड़े हुए। घटना के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। सीओ बूढनपुर संतलाल यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। लेकिन कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।