आजमगढ़। नवगठित नगर पंचायत माहुल के वार्ड नंबर चार के सभासद पति प्रह्लाद पुत्र रामरूप ने तहरीर देकर रविवार को अहरौला थाने में धमकी देने और दलित उत्पीड़न एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें नगर पंचायत के चेयरमैन बदरे आलम, नजरुद्दीन, राजू आदि को आरोपित किया है। सभासद पति का आरोप है कि उसके वार्ड में नाली और इंटरलाकिंग का काम चल रहा। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा। जिसका छह सितंबर को प्रह्लाद ने विरोध किया। उसके इस बात से नाराज होकर आरोपीगण प्रह्लाद के घर पहुंचे। आरोपीगण सभासद पति प्रह्लाद को जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से ही नगर पंचायत में विकास कार्य ठप है।
बता दें कि इससे पूर्व शनिवार को नगर पंचायत माहुल के चेयरमैन बदरे आलम की तहरीर के आधार पर सभासद पति प्रह्लाद सहित अन्य के विरुद्ध धमकी देने सहित अन्य धाराओं में अहरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। केस दर्ज करने के लिए यह दोनों लोग एक साथ अहरौला थाने में तहरीर दिए थे, पर चेयरमैन की तहरीर पर केस एक दिन पहले दर्ज कर लिया गया। सभासद पति की तहरीर पर दूसरे दिन केस दर्ज होने से चर्चाओं का बाजार गरम है। उधर नगर पंचायत माहुल के चेयरमैन सहित अन्य लोगों के विरुद्ध दर्ज दलित उत्पीड़न एक्ट की रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि नए नियम के तहत 20 अगस्त के बाद जो भी दलित उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की जा रही। उसमें आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जानी है। ऐसे में नगर पंचायत चेयरमैन सहित अन्य के गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी।