आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला कंसल्टेंट, एकाउंटेंट/योजना सहायक, कंप्यूटर आपरेटर और खंड प्रेरकों के साक्षात्कार के इंटरव्यू नंबरों के हेरफेर में सहायक लेखाकार रामाश्रय यादव पर गाज गिर ही गई। फिलहाल उसे अजमतगढ़ विकास खंड कार्यालय से संबद्घ करते हुए डीपीआरओ कार्यालय में सहायक लेखाकार के पद पर डीडीओ कार्यालय के लेखाकार अंजनी श्रीवास्तव की तैनाती की गई है। इसके साथ ही रामाश्रय पर विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। संतुति के बाद इसे नियंत्रक आंतरिक लेखा को भेजा जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत खंड प्रेरक और कंप्यूटर आपरेटर पद के लिए 30 अगस्त को अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया गया था। साक्षात्कार में पैनल की ओर से नंबर देने के बाद जिला पंचायत राज कार्यालय की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर सेवा प्रदाता एजेंसी को प्रेषित की गई। चयनित सूची को देख संदेह के आधार पर सीडीओ अभिषेक सिंह ने सूची की जांच कराई। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली। इसे संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचंायत राज अधिकारी को पत्र जारी करते हुए इस कार्य के दोषियों के दायित्वों का निर्धारण करते हुए उनके विरुद्घ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने डीपीआरओ से भी इस मामले में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। ‘अमर उजाला’ ने ‘15 सितंबर’ को खबर का प्रकाशन किया। प्रकाशन होने के बाद सोमवार को विभाग ने दोषी सहायक लेखाकार रामाश्रय यादव को अजमतगढ़ विकास खंड कार्यालय से संबद्घ करते हुए डीपीआरओ कार्यालय में डीडीओ कार्यालय के सहायक लेखाकार अंजनी श्रीवास्तव की तैनाती की।
कोट-
फिलहाल सहायक लेखाकार को हटा दिया गया है। रामाश्रय पर विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। संतुति के बाद इसे नियंत्रक आंतरिक लेखा को भेजा जाएगा।--भनभनभनअभिषेक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी