आजमगढ़ से मऊ तक बनने वाली फोरलेन सड़क का जिलाधिकारी द्वारा गुरुवार को निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को एक सप्ताह के अंदर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। ठेकेदार से कहा कि प्रथम फेज 6 किमी फोरलेन सड़क का निर्माण दो माह के अंदर पूर्ण करें।
सड़क किनारे गड्ढ़े को युद्धस्तर पर पाटने को कहा। डीएम ने मार्ग के निर्माण में बाधक बन रहे पोलों को हटाने और पेड़ों का काटने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों केे दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क की नापी कराकर मकान स्वामियों को नोटिस दे दी गई है। उनसे कहा गया है कि वह अतिक्रमण को स्वयं हटा लें नहीं तो प्रशासन द्वारा हटाया जाएगा। सड़क किनारे कराए जा रहे कार्यों को तत्काल रोकने का निर्देश अधिशासी अभियंता नगरपालिका और अन्य संस्थाओं को दिया।
डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को दो दिन में पोलों को हटाने और वन विभाग को सड़क के बीच से दोनों तरफ 40-40 फीट के अंदर आने वाले पेड़ों को काटने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम ने कहा कि ने फोरलेन बन जाने पर जनपद का तेजी से विकास होगा। फोरलेन सड़क सुखदेव पहलवान की मूर्ति हरवंशपुर से बनाई जाएगी।