सिविल लाइंस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाते समय जेसीवी चालक को रोकता दुकानदार।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को शहर में एसडीएम सदर के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क की पटरियों पर रखे गुमटी आदि के साथ बढ़ा कर लगाए गए टीनशेड आदि को भी हटवाने की कार्रवाई की गई। अचानक शुरू हुए अभियान से हड़कंप मच गया था।
शहर की सड़कों की पटरियों पर अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम लगता रहता है। इसके पीछे मुख्य रुप से कारण सड़क की पटरियों पर हुआ अतिक्रमण व दुकानदारों द्वारा आगे तक दुकान सजाना है। आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात को लेकर एसडीएम सदर वागीश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन की टीम ने शनिवार को दिन में सिविल लाइंस से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई किया। इस दौरान टीम ने सड़क की पटरियों पर रखे गुमटियों आदि को भी नहीं छोड़ा और जो कुछ भी अतिक्रमण की जद में आया सभी को नपा की जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर ट्राली पर लाद कर टीम उठा ले गई। एसडीएम की इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति मची रही। नरौली पुल से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत हुई। इसके बाद टीम चर्च चौराहा, घंटाघर चौराहा, अग्रसेन चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट से तहसील सदर तक सड़क की पटरियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाने की कवायद किया। इस दौरान सड़क किनारे स्थित उन गुमटियों को टीम उठवा लाई, जो बंद पड़ी थी और जिन गुमटियों के मालिक मौके पर मौजूद थे, उन्हें जल्द से जल्द हटा लेने का निर्देश दिया गया। इस दौरान ईओ नपा विकास कुमार, शहर कोतवाल केके गुप्ता समेत नपा की पूरी टीम व शहर कोतवाली पुलिस मौजूद रही।
पूरे शहर में सड़क की पटरियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाया जाएगा। अतिक्रमण हटवाये जाने की यह कवायद आगे भी लगातार चलती रहेगी।
विकास कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद