आजमगढ़। रानी की सराय खंड शिक्षाधिकारी व प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर टंडवा की प्रधानाध्यापिका के पति के बीच मोबाइल पर बहस हुई थी। इस बहस को लेकर दोनों ने एक दूसरे पर कई आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीआई को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अगस्त माह के पहले सप्ताह में शिक्षिका के पति व एसडीआई के बीच फोन पर विवाद हुआ था। इस मामले में एसडीआई का कहना था कि निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर टंडवा में कई शिक्षक अनुपस्थित मिले थे। प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। वहीं शिक्षिका का आरोप था कि एसडीआई बार-बार हमारे विद्यालय का ही निरीक्षण करते हैं। पैसे की मांग भी करते हैं। पैसा न देने पर वह इस प्रकार का कृत्य कर रहे हैं। बीएसए अतुल सिंह ने बताया कि मामले में एसडीआई से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।