अति पिछड़ा एवं अति दलित महासंघ की मासिक बैठक रविवार को कुंवर सिंह उद्यान में जिलाध्यक्ष हिमांशु मौर्य की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार का संचालन आरएसएस कर रही है। यह सरकार झूठ, भ्रम फैलाने की पाठशाला है। जातिवार जनगणना का मामला पूरी तरह विधान सभा चुनाव 2022 का स्टंट है। क्यों कि सरकार के पास छेदी लाल आयोग की रिपोर्ट है। उसी के आधार पर आरक्षण का बंटवारा करने की बात बार-बार महासंघ कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले जो वादा किया था उसे पूरा नहीं किया। सरकार के पास विकास का कोई मुद्दा नहीं है। महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्यमुखी गोंड ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा दे रही है लेकिन समझ में नहीं आता कि बेटी किसकी बचाओ। भाजपा विधायक सेंगर को बचाने और उसके दाग को छिपाने के लिए नेताओं ने पीड़िता के परिवार को ही जेल में डलवा दिया। कहा कि सरकार कहती है उत्तर प्रदेश सरकार दमदार सरकार है, यह सरकार दमदार नहीं है। केंद्र सरकार किसानों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर रही है। इस अवसर पर चंदन वेनवंशी, कौशल्या, पुष्पा राव, महेंद्र प्रताप, चतुरी, निशा, रेशमा, सुमित्रा चौहान, इंदु विश्वकर्मा, धर्मेंद्र राजभर, शकुंतला मौर्या, प्रभावती, आरती उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन महेंद्र प्रताप मास्टर ने किया।