विडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा वार्ता करते जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह राणा।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री एवं जनपद के प्रभारी सुरेश राणा ने शुक्रवार को जूम एप के माध्यम से आजमगढ़ में कोविड-19 से बचाव की तैयारियों एवं जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। डीएम राजेश कुमार ने बताया कि जनपद मे अब तक कुल 212 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसमें 43 सक्रिय हैं, 162 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।
जनपद आए प्रवासी मजदूरों को राशन किट उपलब्ध कराया गया है। प्रथम चरण में सबसे अधिक 73353 प्रवासी श्रमिक परिवारों को 1000 की सहायता अनुमन्य धनराशि प्रदान की गई है। 27000 श्रमिक परिवारों का डाटा फीडिंग करा दिया गया है। जल्द ही उनके खाते में 1000 की सहायता धनराशि भेजा जाएगी। जनपद में शुक्रवार को 1.56 लाख मजदूरों को मनरेगा के तहत कार्य दिया गया है। इसमें 40 हजार प्रवासी हैं। जून के प्रथम सप्ताह में 1.30 लाख से लेकर 1.50 लाख तक प्रतिदिन मानव दिवस का सृजन किया जा रहा है। मनरेगा के अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी, बाढ़, सिंचाई, पेयजल, आरईडी आदि कार्यदायी संस्थाओं को, प्राइवेट नर्सिंग होम, बड़े व्यापारियों के साथ प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराए जाने के लिए योजना बनाई गई है। मनरेगा के अन्तर्गत रोजगार उपलब्ध कराये जाने में आजमगढ़ प्रदेश में छठे स्थान पर है। प्रभारी मंत्री ने संतोष व्यक्त किया और प्रथम स्थान पर आने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत एक वर्ष में वर्ष में कुल 6000 रुपये पात्र किसानों को उपलब्ध कराने में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
जनप्रतिनिधियों ने भी उठाई मांग
आजमगढ़। बैठक के दौरान जन प्रतिनिधियों ने अस्पतालों में ओपीडी प्रारम्भ करने की मांग की। जिलाधिकारी ने बताया कि सबी सीएचसी-पीएचसी पर ओपीडी प्रारम्भ है। जिला अस्पताल में भी ओपीडी और इमरजेन्सी शुरू हो गई है। पूर्व सांसद नीलम सोनकर ने ब्लैक पाटरी उद्योग में प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि इच्छुक को चिन्हित कर सभी क्षेत्रों में रोजगार दिलाएं। सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एडीएम फाइनेंस गुरू प्रसाद, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, ऋषिकान्त राय आदि थे।