आजमगढ़ जिले में अजमतगढ़ स्टेट की राम वाटिका स्थित प्राचीन मंदिर से बृहस्पतिवार रात चोरों ने राधाकृष्ण की अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति चुरा ली। घटना की जानकारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ कस्बे में अजमतगढ़ स्टेट की राम वाटिका है। इसमें बने प्राचीन मंदिर में राधा कृष्ण की अष्ट धातु की मूर्ति स्थापित थी।
बृहस्पतिवार की रात भारी बारिश का फायदा उठा कर चोर वाटिका में घुसे और मंदिर की जाली को काट कर वहां स्थापित राधा कृष्ण की मूर्ति को उठा ले गए। मंदिर की देखरेख अजमतगढ़ स्टेट के गोपाल अग्रवाल करते हैं। भोर में मंदिर में सफाई करने वाली किरन पत्नी जोगेंद्र मंदिर में पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। किरन ने तत्काल इसकी सूचना गोपाल अग्रवाल को दी। इसके बाद तो हड़कंप मच गया।
जीयनपुर कोतवाली तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई। कुछ ही देर में एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ महेंद्र शुक्ला, डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गईं। एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि मंदिर की देखरेख करने वाले गोपाल अग्रवाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। चोरी का खुलासा कर जल्दी ही चोरी गई मूर्ति बरामद कर ली जाएगी।