दीदारगंज क्षेत्र के खरसहनकला गांव में जले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसहनकला गांव में बीते एक महीने से जला 25 केवीए का ट्रांसफार्मर न बदले जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही शीघ्र ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर बरदह-अंबारी मार्ग को जाम करने की चेतावनी भी दी।
खरसहनकला गांव की दलित बस्ती में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर बीते एक महीने से जला पड़ा है। इससे बरसात के दिन में ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर जल जाने से उन्हें पानी के लिए भी मुश्किल उठानी पड़ रही है। वहीं मोबाइल चार्ज करने के लिए आसपास के गांवों में भटकना पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर जल जाने से उमस भरी गर्मी में घर में रहना भी दुश्वार हो गया है। ग्रामीणों का कहना है बिजली विभाग को काफी पहले ट्रांसफार्मर जलने की सूचना दी गई थी पर उन्होंने सिर्फ आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह बरदह- अंबारी मार्ग को जाम करेंगे। इस मौके परप्रदीप कुमार, रामचंदर, शनि, नीरज, विजय, आदित्य, विशाल, आदर्श , गौतम, सुरेंदर, हीरालाल, पप्पू आदि उपस्थित थे।