Azamgarh News: आजमगढ़ में संविधान निर्माता को अपशब्द कहने वाला वीडियो वायरल होने के बाद उनके समर्थक नाराज हो गए। हंगामा करते हुए उन्होंने मुबारकपुर थाने का घेराव कर दिया। सैकड़ों लोग की भीड़ देख थानाध्यक्ष ने कारवाई का आश्वासन दिया जब जाकर लोग शांत हुए।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दो युवकों ने सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति अपशब्द का प्रयोग किया था। इसे लेकर बुधवार को दर्जनों लोग मुबारकपुर थाने पहुंच गए।
विज्ञापन
अमर्यादित टिप्पणी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लगभग दो घंटे तक थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तब जाकर लोग शांत हुए।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सराय मुबारक गांव निवासी अतीकुर्रहमान ने बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर से शिकायत की थी।
विज्ञापन
आरोप था कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर ब्यौहरा गांव निवासी कृष्णकांत यादव व मुस्तफाबाद गांव निवासी अर्जुन चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया है।
इस दौरान काफी संख्या में थाने पहुंचे लोगों ने आरोपी दोनों युवकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
बोले अधिकारी
मुबारकपुर क्षेत्र में डॉ. आंबेडकर के प्रति सोशल मीडिया पर अपशब्द के प्रयोग के बाद लोगों में नाराजगी को देख त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की कार्रवाई से लोग संतुष्ट हैं और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। - शैलेंद्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर