अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी बाजार के पास सड़क पर गंभीर रूप से घायल मिले ऑटो चालक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उधर परिजनों को इसकी सूचना मिली तो कोहराम मचा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी दिलीप यादव (35) पुत्र राजाराम यादव सोमवार की देर शाम बाइक से पल्थी बाजार गया था। बाजार से पांच सौ मीटर की दूरी पर सड़क पर वह गंभीर रूप से घायल मिला। किसी ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो मौके पर पहुंचे परिजन और गांव के लोग फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां पर हालत गंभीर देख चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
परिजन और ग्रामीण घायल को जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर किसी अन्य हॉस्पिटल ले जा रहे थे, उसी दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। परिजन रात में ही करीब एक बजे शव को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिलीप ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। दो भाइयों में बड़ा दिलीप के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।