पार्टी की ओर से उन्होंने अखिलेश यादव के आजमगढ़ लोकसभा सीट छोड़ने के बाद होने वाले उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। उनके पुनः बसपा में शामिल होने और आजमगढ़ लोकसभा से उपचुनाव का प्रत्याशी घोषित होने पर उनके समर्थकों में हर्ष व्याप्त है।
गुड्डू जमाली इसके पूर्व भी मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आजमगढ़ लोकसभा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने बताया कि उन्होंने फिर से घर वापसी कर ली है। पार्टी ने उन्हें आजमगढ़ सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है।
यूपी विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर सीट से शाह आलम गुड्डू जमाली ही एक मात्र ऐसे उम्मीदवार थे जो अपनी जमानत बचा पाए थे। गुड्डू जमाली चुनाव में 36419 वोट पाकर चौथे नंबर पर रहे थे।
शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली मूल रूप से आजमगढ़ के जमालपुर गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता अधिवक्ता हैं। शाह आलम ने प्रारंभिक शिक्षा आजमगढ़ से ग्रहण की उसके बाद जामिया मिलिया विश्वविद्यालय से बीकॉम की शिक्षा ग्रहण के बाद एमबीए किया।
पूर्वांचल कंस्ट्रक्शन कंपनी में यह बतौर एमडी कार्यरत हैं। पूर्वांचल कंस्ट्रक्शन कंपनी मुख्य रूप से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ी हुई है। शाह के पास कुल 195 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 187 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि 8.39 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।