आजमगढ़। पुलिस ने मेटा एआई की सतर्कता और अपनी त्वरित कार्रवाई से एक युवक को आत्महत्या करने से बचा लिया। मेंहनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने मात्र 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर युवक की जान बचाई और उसे काउंसिलिंग की।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मेंहनगर थाना क्षेत्र के एक चूड़ी कारीगर ने इंस्टाग्राम पर एक विषाक्त पदार्थ की डिब्बी की तस्वीर के साथ पोस्ट किया, आज की रात आखिरी है। मेटा के एआई सिस्टम ने इस पोस्ट को तुरंत संदिग्ध माना और लोकेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश डीजीपी हेडक्वार्टर के सोशल मीडिया सेल को अलर्ट भेजा। लखनऊ से सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस हरकत में आई और 15 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को आत्महत्या करने से रोका और उससे पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह एक लड़की से बात करता था, लेकिन लड़की के फोन पर बात करने से इन्कार करने के बाद वह निराश हो गया और उसने यह खतरनाक कदम उठाने का फैसला किया। उसने विषाक्त पदार्थ की बजाय नींद की गोलियां ली थीं। पुलिस ने तत्काल चिकित्सक की मदद से युवक का घर पर ही प्राथमिक उपचार कराया और उसे भविष्य में ऐसा कदम न उठाने के लिए काउंसिलिंग दी।
लखनऊ के हेडक्वार्टर से सूचना मिली थी कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक विषाक्त पदार्थ की डिब्बी की तस्वीर के साथ पोस्ट की थी। सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस हरकत में आई और 15 मिनट में युवक के घर पहुंच गई। उसे बचा लिया गया है।- शैलेंद्र लाल, एसपी सिटी आजमगढ़।