थाना क्षेत्र के गनवारा गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों को एक व्यक्ति ने ठगी का शिकार बना लिया है। बीमा कराने के नाम पर अब तक लाखों रुपये वह हजम कर चुका है। पीड़ितों ने बृहस्पतिवार को थाने पर तथाकथित बीमा एजेंट के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दिया है।
थाने पर दी गई तहरीर में पीड़ितों ने बताया कि एक व्यक्ति 2012 में उनका एलआईसी करने के नाम पर पैसा लिया, लेकिन अब तक कोई पर्ची नहीं दिया। प्रतिमाह वह बीमे की किस्त लेने के लिए गांव में चला आता था। जब बीमा का पर्ची मांगा गया तो वह भड़क गया और मारपीट पर उतारू हो गया। इस पर पीड़ितों ने बीमा कंपनी से पता किया तो उनका किसी तरह का कोई बीमा होने की पुष्टि नहीं हुई। बृहस्पतिवार को गांव की इंद्रावती पत्नी रामू राजभर, तीजा पत्नी गणेश राजभर दाउदपुर, गीता पत्नी विनोद दाउदपुर, शोभा पत्नी फूलचंद दाउदपुर, इसरावती पत्नी बिंदराज दाउदपुर, लीलावती पत्नी कुलदीप दाउदपुर, सिकंदर पुत्र चंद्रिका ने थाने पर बीमा एजेंट के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दिया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया है और अपने स्तर से जांच पड़ताल में जुटी है।