सिधारी थाना पुलिस ने महिला को 20 लाख रुपये होने का झांसा देकर आभूषण ठगने के मामले का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय बदमाश अर्जुन सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित सफेद धातु की एक जोड़ी घुंघरूदार पायल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मैनपुरी में भी ठगी और धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज है।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि 23 जुलाई को मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के चलिसवां गांव निवासी शुभावती देवी अपने मायके बिलरियागंज जा रही थीं।
रास्ते में दो अपरिचित लोगों ने उन्हें बातचीत में अपने झांसे में ले लिया और बऊरहवा बाबा मंदिर के सामने ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने महिला के कान की झांली, गले का लॉकेट और चांदी की पायल उतरवा ली।
इसके बदले कपड़े में सिली कागज की गड्डी देते हुए उसमें 20 लाख रुपये होने की बात कही। महिला वहां से टेंपो से आगे बढ़ीं तो गड्डी खोलने पर उसमें रुपये की जगह कागज के टुकड़े मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले में सिधारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने रेलवे स्टेशन तिराहे के पास से दिल्ली के रोहिणी रोहिणी क्षेत्र के कंझावला थाना क्षेत्र के जेजे कॉलोनी सेवदा निवासी अर्जुन सोलंकी को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से ठगी से संबंधित एक जोड़ी सफेद धातु की इस्तेमाल की हुई घुंघरूदार पायल बरामद हुई। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।