पैसे वाले परिवार के युवक का अपहरण कर हत्या की साजिश रचने वाले 25 हजार के इनामी समेत उसके पांच साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उक्त बदमाशों ने एक लड़के का अपहरण कर पहले फिरौती मांगने और फिरौती के रुप में सात से आठ लाख रुपये न मिलने पर हत्या करने की योजना बनाई थी। इसके पूर्व ही पुलिस ने पांचों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुबारकपुर पुलिस बृहस्पतिवार की रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुबारकपुर में बाइक लूट के अपराधी अपने साथियों के साथ बम्हौर गांव से गुजरे सिक्स लेन अंडरपास के पास किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस पास पहुंच कर उनकी बातों को सुना तो ज्ञात हुआ कि यह शहर कोतवाली के कुंदीगढ़ मुहल्ला निवासी पैसे वाले युवक अली अंसारी उर्फ छोटे सरकार का अपहरण कर सात से आठ लाख रुपये फिरौती मांगने की योजना बना रहे थे। फिरौती का पैसा न मिलने हत्या करने की भी योजना थी। इस जानकारी पर पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर मौजूद पांचों युवकों को पकड़ लिया। इसमें 25 हजार का इनामी मोनू उर्फ सारिक पुत्र मुबारकपुर अली भी शामिल है। इसके अलावा मौके से पकड़े गए अन्य युवकों में मजा शाहजहां निवासी पहाड़पुर, मो. सलीम निवासी बदरका, मो. कैफ निवासी फ्रेंडस कालोनी बदरका व अमन शामिल है। एसपी सिटी ने बताया कि सारिक पर दर्जन भर से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से तीन तमंचा, छह कारतूस, दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।