ठेकमा। ब्लाक क्षेत्र के मदनपुर गांव में शुक्रवार को आत्मा योजना के तहत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को आय दोगुनी करने की सरकारी योजनाओं और घर पर ही जैविक खाद बनाने के लिए बारे में जानकारी दी गई।
डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि किसान अपने घर पर जैविक खाद बनाकर खेतों में प्रयोग करें। निश्चित तौर पर आगामी तीन वर्ष के बाद खेत में रसायनिक खाद का प्रयोग नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि रसायनिक खाद का इस्तेमाल न करने से उत्पादन में कोई नुकसान नहीं होगा बल्कि फसल पूरी तरह से जैविक होगी। डॉ. रजनीश मौर्य ने कहा कि किसान किसी भी दुकान से खाद खरीदे, उसकी पक्की रसीद अवश्य लें। जब पक्की रसीद लेंगे तो फसल बीमा के माध्यम से नुकसान होने पर लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने समय से रजिस्ट्रेशन कराने और खाद, बीज और कृषि यंत्रों पर सरकार से मिलने वाली सब्सिडी की भी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम में खेतों की गहरी जुताई करने की भी सलाह दी। गहरी जुताई से जमीन में लेयर नहीं बनेगी और उपज भी बढ़ जाएंगी। किसान गोष्ठी मं इंद्रदेव तिवारी, प्रमोद राय, दिवेश, महेंद्र राय, संजय राय आदि मौजूद रहे।