सगड़ी। तहसील क्षेत्र के मालटारी स्थित गांधी शिशु शिक्षा निकेतन का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरूआत पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह, प्रबंधक मुकेश राय व शिवनाथ प्रजापति ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया।
मुख्य अतिथि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मणिशंकर पांडेय ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के भविष्य का निर्माण होता है। विद्या से बढ़ कर कोई धन नहीं है। उन्होंने शिक्षा में दोहरी नीति को खत्म करने की बात कही। पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि आज शिक्षा का व्यवसायीकरण हो गया है। जिसके चलते ही शिक्षा का स्तर गिरा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हवदलार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा सराहनीय है। अतिथियों के संबोधन के पूर्व विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर लोगों का मन मोह लिया। प्रबंधक मुकेश राय ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री दलसिंगार यादव, कमला राय, शिवनाथ प्रजापति, प्रमोद सिंह, त्रिभुवन दुबे, लालसा राय, राना रामप्यारे उपाध्याय, अरूण कुमार मिश्र, खातून, प्रतिमा राय, हिमांशु विश्वकर्मा, दान बहादुर, अमरेंद्र, रामदरश, रत्नेश, सुरेंद्र राय, रिजवान, रामभजन आदि मौजूद रहे।