आजमगढ़। जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने पूरे चुनाव कार्यक्रम को जारी करते हुए ब्लाकवार आरओ और एआरो की तैनाती भी कर दी है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य व प्रधान के रिक्त पदों पर उपनिर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी है। जिसके तहत 12 फरवरी को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकता है। 13 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 15 फरवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक संपन्न कराई जाएगी। इसके पश्चात उम्मीदवारों को प्रतीक आवंटन कर दिया जाएगा। 22 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना 24 फरवरी को कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन से लेकर परिणामों की घोषणा ब्लाक मुख्यालयों से की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी ब्लाकों पर निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए आरओ और एआरओ की तैनाती कर दी गई है। सभी आरओ व एआरओ को चुनाव की प्रक्रिया सकुशल निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है।