विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल हुए नामांकनपत्रों की जांच शुक्रवार को की गई। इस दौरान त्रुटियों के चलते 16 नामांकन पत्र अवैध गए गए। अब मैदान में 117 प्रत्याशी बचे हैं। सोमवार को नामांकन पत्रों की वापसी के बाद विधानसभावार प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। सबसे ज्यादा नौ अवैध नामांकन अतरौलिया में पाए गए हैं।
नामांकन पत्रों की जांच में अतरौलिया विधानसभा से अलहिंद पार्टी की अमरावती, असंख्य समाज पार्टी के पंकज कुमार, बहुजन क्रांति पार्टी के इंद्रजीत, निर्दल विनय चंद, यदुनाथ यादव, हीरामन, रामप्रसाद, प्रियंका सिंह और सर्वोदय भारत पार्टी के जयप्रकाश मिश्र का नामांकन अवैध पाया गया। मुबारकपुर विधानसभा से राष्ट्रवादी विकास पार्टी से मुकेश कुमार अस्थाना, आजमगढ़ सदर सीट पर निर्दल रमाकांत यादव, धीरज और शिवसेना से नामांकन करने वाले निखिल मिश्रा का नामांकन अवैध पाया गया है।
वहीं दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी मो. मोतसिम और व्रतदेव, मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी दीपंचद का नामांकन अवैध पाया गया। बताते चलें कि 10 फरवरी से 17 फरवरी तक चले नामांकन में जनपद की 10 विधानसभा सीटों पर कुल 133 नामांकन दाखिल हुए थे। जिसमें से 16 नामांकन शुक्रवार को हुई जांच में अवैध पाए गए और 117 नामांकन पत्रों को वैध पाए गए। अब सोमवार को नामांकन वापसी के बाद वैध प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।