प्रशासन ने खरीफ फसल की खरीद की तैयारियां शुरू की गईं हैं। मंडल में पहली अक्तूबर से ज्वार-बाजरा की खरीद होगी। उधर, पहली नवंबर से धान की भी खरीद शुरू की जाएगी। मंडल में ज्वार-बाजरा की खरीद के लिए 10 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जिले में धान और श्री अन्न योजना के तहत मोटे अनाज ज्वार, बाजार आदि की बुआई की गई है। मोटे अनाज की फसल अक्तूबर में व धान की फसल नवंबर माह में तैयार हो जाएगी। शासन के आदेश पर बलिया जनपद में बाजरे की खरीद के लिए सात क्रय केंद्र और मक्का की खरीद के लिए तीन क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। धान के समर्थन मूल्य में 143 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा किया गया है। पिछले साल धान की खरीद 2040 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी। मोटे अनाज में ज्वार का समर्थन मूल्य 3225 व बाजरा का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान व मोटे अनाज की बिक्री के लिए किसानों को पंजीयन कराना होगा। मंडल अगर पंजीयन की स्थिति देखें तो अभी तक मात्र छह किसानों ने बाजरा की बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, लेकिन आजमगढ़ में मक्का की बिक्री के लिए अभी तक किसी किसान ने पंजीकरण नहीं कराया है।
मंडल में श्री अन्न की खरीदारी के लिए कुल 10 क्रय केंद्र खोले गए हैं। जिसमें सात क्रय केंद्र बलिया और तीन क्रय केंद्र आजमगढ़ है। बलिया में बिक्री के लिए अभी तक छह किसानों ने पंजीकरण कराया है। एक अक्तूबर से क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू होगी जिसकी सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
राममूर्ति पांडेय, संभागीय खाद्य नियंत्रक, आजमगढ़ मंडल।