जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील निजामाबाद के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 94 मामले आए, जिसमें तीन मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शेष 91 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अंदर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। निजामाबाद तहसील समेत अन्य तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम विशाल भारद्वाज व एसपी अनुराग आर्य ने निजामाबाद तहसील सभागार में पीड़ितों की फरियाद सुनी। इस अवसर पर कुल 94 मामले आए, जिसमे से तीन मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं शेष 91 मामलों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। प्राप्त मामलों में राजस्व विभाग के 71, पुलिस के 09, विकास के 10, समाज कल्याण के 01 एवं अन्य के 03 मामले शामिल है। डीएम ने कहा कि समस्त संबंधित अधिकारी प्राप्त आवेदन को जल्द से जल्द शत प्रतिशत गुणवत्तायुक्त निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभिक स्तर पर ही जन समस्याओं का वास्तविक निस्तारण कर दें। वहीं तहसील दिवस समाप्ति से एक घंटा पहले ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तहसील से निकल गए।