कोरोना संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। मंगलवार को जिले में 10 नए पॉजिटिव मिले। इसके बाद जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ कर 15 हो गई है। इसमें छह मरीज पीएसी के जवान हैं। जिसे लेकर पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया है।
सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी ने बताया कि मंगलवार को हुई जांच में पीएसी के छह जवान पॉजिटिव मिले। वे डीजी कार्यालय से ड्यूटी कर वापस लौटे हैं। वहीं, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र दलसिंगार पर तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। इसके अलावा एक व्यक्ति कुछ दिन पूर्व दुबई से लौटा है, दो अन्य की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में फिलहाल 15 एक्टिव केस हैं। इसमें एक की हालत गंभीर होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी किसी मरीज में ओमिक्रान वैरियंट की पुष्टि नहीं हुई है।
कोरोना की रफ्तारी जिले में तेज होती जा रही है। इसके बाद भी शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक लापरवाही जारी है। बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। कोई भी मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रख रहा है। सार्वजनिक स्थल हो अथवा सरकारी कार्यालय कहीं भी कोराना गाइड लाइन का अनुपालन होता नहीं दिखायी दे रहा है। अब भी यदि हम नहीं सुधरे तो कोरोना की तीसरी लहर दूसरी लहर से भी भयावह स्थिति में पहुंच सकती है।