फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: पेट्रोल पंपों पर हालात सामान्य, बिना लाइन के मिलने लगा तेल

Sat, 28 Mar 2026 10:11 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
देवकाली बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर आसानी से पेट्रोल भरवाते उपभोक्ता।
विज्ञापन
अयोध्या। पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से बिगड़े हालात अब पूरी तरह सामान्य हो गए हैं। शनिवार को जिले के पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को बिना लाइन के ही आसानी से तेल मिलने लगा। इससे लोगों को परेशानियों से काफी राहत मिली। पिछले कई दिनों से पंपों पर लग रही लंबी कतारें, हड़बड़ी और अफरा तफरी पूरी तरह खत्म हो गई है।
विज्ञापन

शहर के प्रमुख पंपों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्थिति सामान्य रही। सुबह से ही पंपों पर आम दिनों की तरह हलचल रही। कहीं भी भीड़ या अव्यवस्था नहीं दिखी। लोग सामान्य रूप से पहुंचे और कुछ ही मिनटों में पेट्रोल-डीजल लेकर वापस लौटते रहे। बता दें कि 23 मार्च की दोपहर बाद फैली अफवाह ने देखते ही देखते हालात बिगाड़ दिए थे। 24 और 25 मार्च को पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। सुबह पांच बजे से ही कतारें लग जाती थीं और कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे थे। स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि कई पंपों पर पेट्रोल और डीजल की लिमिट तय करनी पड़ी थी। कुछ स्थानों पर 100 रुपये तक पेट्रोल और 200 से 500 रुपये तक डीजल देने की बाध्यता लागू की गई थी।

हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तत्काल सख्ती बरती। डिब्बों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाई गई और प्रमुख पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया। इसका असर यह हुआ कि जमाखोरी पर रोक लगी और अनावश्यक भीड़ धीरे-धीरे कम होने लगी। 26 मार्च से हालात में सुधार शुरू हुआ और 27 मार्च तक अधिकांश पंपों पर आपूर्ति सामान्य हो गई। अब कहीं भी कमी या अव्यवस्था की स्थिति नहीं दिख रही है।
विज्ञापन


जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि अफवाह के कारण कुछ समय के लिए दबाव जरूर बना था, लेकिन अब कहीं भी कोई समस्या नहीं है। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।

एलपीजी व डीजल वितरण को लेकर वामदलों ने सौंपा ज्ञापन
अयोध्या। एलपीजी और डीजल वितरण की समस्याओं को लेकर वामदलों के नेताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गैस एजेंसियों की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के नाम पर सिलेंडर आवंटित होने और सब्सिडी खाते में आने के बावजूद डिलीवरी अन्यत्र किए जाने की शिकायत उठाई गई। नेताओं ने घर-घर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित कराने और उपभोक्ताओं की पासबुक पर अनिवार्य रूप से अंकन कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाकपा जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी, भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद, संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक मया राम वर्मा, माकपा जिला कमेटी सदस्य विनोद सिंह और किसान नेता आशीष पटेल शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें