अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने जोगीतारा स्थित भुजवा की बगिया के पास से चार लोगों को डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर तीन अन्य आरोपी भाग निकले। आरोपियों के पास चोरी के 1.59 लाख रुपये नकद, 1458 ग्राम चांदी, 10 ग्राम सोना, तमंचा, कारतूस आदि बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर भुजवा की बगिया के पास स्थित अर्द्धनिर्मित मकान के पास पेड़ की नीचे बैठे लोगों की घेराबंदी की गई। वह लोग शारदापुरम कॉलोनी में स्थित एक मकान में डकैती की योजना बना रहे थे। इसी बीच उनमें से चार लोगों को दबोच लिया गया जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे में भाग गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कैंट थाना क्षेत्र के करम अली का पुरवा निवासी शिवा उर्फ रवि सिंह, सुरसरि कॉलोनी निवासी शिवम गौड़, गायत्री नगर कॉलोनी निवासी हिमांशु उर्फ अंशु श्रीवास्तव व अब्बू सराय निवासी अजय साहू के रूप में हुई। जबकि, फाफा क्वार्टर निवासी विशाल उर्फ महेंद्र कुमार पाठक, उसरू निवासी कृष्णा गुप्ता व करम अली का पुरवा निवासी शंकर भाग निकले।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग दिन में ई-रिक्शा चलाते हैं और गलियों में घूमकर बंद मकान की रेकी करते हैं। चोरी में लूटे गए सोने-चांदी के जेवरों को अजय साहू को बेचते हैं। उन्होंने 30/31 मई की रात हवाई पट्टी, पांच/छह जून को शिवनगर नवीन मंडी के पास, सात/आठ जून को हाइडिल कॉलोनी सिविल लाइन से चोरी करने की बात स्वीकारी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।