अयोध्या जिले में अमानीगंज में इनायत नगर कोतवाली क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर पूरे निधान गांव में कच्ची दीवार गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार सुबह किशोर के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
क्षेत्र में बीते चार दिनों में हुई मूसलाधार बारिश इस परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ी। बारिश के बीच दीवार गिरने से परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। घटना के बाद समूचे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव निवासी सचिन (16) पुत्र राम सरन कोरी बकरी चराकर वापस आ रहा था। जैसे ही घर के बीच गलियारे में पहुंचा कि अचानक पड़ोसी की कच्ची दीवार किशोर के ऊपर भरभरा कर गिर गई, जिससे किशोर दीवार के मलबे में दब गया। आनन-फानन में ग्रामीणों की सहायता से किशोर को मलबे से बाहर निकालकर गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृत किशोर कक्षा नौ का छात्र था। मृतक के एक छोटी बहन है। तहसीलदार प्रदीप सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी।