बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरुआ बबीना सुखचैनपुर में रविवार देर रात मकान की छत पर टहल रहे 38 वर्षीय युवक की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
गांव निवासी देवेंद्र कुमार (38) पुत्र अर्जुन सिंह रात अपनी छत पर टहल रहे थे। इस दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अचानक हुए इस हादसे से पत्नी बबली, बच्चों और पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।