तालाब में शव ढूंढते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद (औरैया)। फफूंद कस्बे के ककोर रोड स्थित पक्का तालाब पर दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया एक युवक वीडियो बनाने के दौरान तालाब में गिर गया। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने साथ आए दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
थाना क्षेत्र के बिलन्दपुर निवासी अजय कुमार का 19 वर्षीय पुत्र बादल सोमवार दोपहर अपने चार साथियों के साथ पिकनिक मनाने आया था। उसके साथ आए साथी तालाब किनारे नहाने लगे। बादल तालाब के ऊपरी हिस्से में बैठकर किसी से फोन पर बात करने के साथ वीडियो बना रहा था। बात करते-करते वह तालाब में गिर गया।
बीच गहराई में गिरने से वह डूबने लगा। साथियों ने शोर मचाया तो वहां मौजूद सभासद पति शीलू दोहरे व बकरी चरा रहे ग्रामीण पहुंच गए और तालाब में उसकी तलाश शुरू की। काफी देर बाद बादल को तालाब से बाहर निकाला जा सका। लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच साथ आए दो युवक मौके से भाग निकले। मृतक के पिता की लिखित सूचना पर पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पिकनिक के दौरान बीयर पीने की चर्चा
युवक के तालाब में डूबने और मौत होने के बाद वहां पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि दोपहर को तालाब के पास मौजूद पांचों युवक बैठकर बीयर पी रहे थे। उनकी बाइकें नजदीक स्थित श्मशान घाट पर खड़ी थीं। कुछ देर बाद ही घटना हो गई। पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।