औरैया। रक्षाबंधन पर मायके जा रही बाइक सवार महिला को डंपर ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक व क्लीनर को पकड़ा है। घायल महिला को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहे महिला के देवर ने नाबालिग क्लीनर को मुख्य रोड पर डंपर चलाना सिखाने को हादसे का कारण बताया है।
गांव नवादा निवासी बाबिल पाल रविवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे भाभी रश्मी पाल (26) पत्नी सर्वेश पाल को बाइक से रक्षाबंधन पर उसके मायके लेकर जा रहा था। कानपुर रोड पर पीछे से आए डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रश्मी सड़क पर गिर गई। उसके पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बाबिल ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया। चालक व क्लीनर को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। बाबिल ने बताया कि डंपर चालक नाबालिग क्लीनर को मुख्य रोड पर डंपर चलाना सिखा रहा था। इसके कारण हादसा हो गया।
बाइक चालक हेलमेट लगाए था। पुलिस ने घायल महिला को 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने महिला को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।