घटना स्थल पर लगी भीड़ व जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना (औरैया)। नगर के किशनी रोड नवीन बस्ती निवासी महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नवीन बस्ती निवासी नितिन चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार तड़के पत्नी रागिनी (29) को पंखे के सहारे फंदे से लटका देखकर वह उसे आननफानन बिधूना स्वास्थ्य केंद्र ले गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। संदिग्ध हालात में महिला की मौत की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी शशांक राजपूत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुत्री की मौत की खबर मिलते ही पिता नंदकिशोर निवासी उझीयानी थाना बकेबर इटावा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुत्री का दामाद के साथ विवाद होता रहता था। उसे पड़ोसियों से जानकारी मिली है कि गुरुवार को भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। थाना प्रभारी शशांक राजपूत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।