सहार (औरैया)। बुआ के घर पर भतीजी संदिग्ध हालात में जली मिली। महिला के पति ने एक मामले में गवाही न देने पर बुआ पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। महिला को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है।
बेला थाना क्षेत्र के तिलकपुर निवासी संजय की पत्नी अर्चना शनिवार शाम बुआ शशि के घर में संदिग्ध हालत में जली मिली। अस्पताल में अर्चना ने पुलिस को बताया कि बुआ शशि ने गांव के कुछ लोगों पर एक मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना में उसे गवाह बनाना चाहती थी। कई दिन से अर्चना पर दबाव बना रही थी, लेकिन वह गवाही देने के लिए तैयार नहीं थी। उसे शनिवार रात अपने घर बुला लिया। आरोप है कि जब अर्चना घर पहुंची तो बुआ ने परिजनों के साथ मिलकर घर में ही उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी।
घर से धुआं उठता देख पड़ोसी भी दौड़कर आ गए। संजय को सूचना देकर पत्नी को गंभीर हालत में सहार अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे सैफई रेफर किया गया है। शशि ने बताया कि अर्चना ने खुद आग लगाई है। बचाने में वह भी झुलसी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव और पड़ोस के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अर्चना के बयान लिए हैं। सहार चौकी इचार्ज राजपाल सिंह ने बताया कि दोनों का इलाज चल रहा है। तहरीर पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।