सहायल (औरैया)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम से वृद्ध ने दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने पीड़ित परिवार को सवा लाख रुपये देकर मामला दबाने की कोशिश की। ये बात राज्य महिला आयोग की सदस्य तक पहुंची तो वह खुद पीड़ित के गांव पहुंच गईं। बच्ची से पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस बुलाकर आरोपी को गिरफ्तार करवा दिया। देर शाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित के घर से दिए गए रुपये भी बरामद हुए हैं।
बुधवार को विकास भवन में महिला अपराधों पर राज्य महिला आयोग की सदस्य रंजना शुक्ला सुनवाई कर रहीं थीं। इस बीच सहायल थाना क्षेत्र का एक युवक वहां पहुंचा। उसने आठ साल की बेटी के साथ गांव के वृद्ध द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने की शिकायत की। उसने बताया कि पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की तो आरोपी पक्ष के लोग धमकाने लगे। आरोपी ने बात दबाने के लिए उसे एक लाख 20 हजार रुपये दिए। इस पर आयोग की सदस्य सीओ सुरेंद्र नाथ यादव व सहायल थाने की पुलिस के साथ पीड़ित के घर पहुंच गईं।
उन्होंने पीड़ित बच्ची से बात करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने तत्काल आरोपी शौकत अली (80) को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने समेत पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि बालिका को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है।