औरैया। एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने अस्पताल जा रही महिला से ऑटो में सवार तीन युवकों ने छेड़खानी की। विरोध कर पीड़िता चलती ऑटो से कूद गई। लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंची पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव निवासी पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उसे कुत्ते ने काट लिया था। रविवार दोपहर लगभग ढाई बजे ऑटो से वह एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने औरैया अस्पताल जा रही थी। तभी बीच रास्ते में दो अन्य युवक ऑटो में उसके दोनों तरफ बैठ गए। कुछ देर बाद युवकों ने उससे हरकत करने का प्रयास किया। जिस पर उसने विरोध जताया।
पीड़िता ने बताया कि तभी उनमें से एक बदमाश ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। इस पर उसने चालक से ऑटो रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने ऑटो को हाईवे की तरफ मोड़ दिया। इस दौरान वह बैग लेकर किसी तरह से ऑटो से कूद गई। यहां से कोतवाली पहुंची।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियो की हरकत का विरोध करने के दौरान उसके हाथों की चूड़ियां टूट गईं। जिससे हाथों की कलाई लहूलुहान हो गईं। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपियों में से किसी को भी जानती नहीं है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल पर जांच के लिए भेजा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।