दिबियापुर। बाइक और भैंस की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को पीटकर पांच साल के बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर देहात स्थित थाना मंगलपुर क्षेत्र के गांव लाडपुर निवासी शालू देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2020 को संजय पाल के साथ हुई थी। पिता ने खेत बेचकर छह लाख रुपये नकद, सोने के जेवर और करीब तीन लाख रुपये का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति संजय, ससुर श्याम बाबू पाल, सास सुमन देवी, जेठ संजीव पाल, जेठानी मीरा देवी और ननद किरन देवी बाइक व भैंस की मांग कर प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि 26 अप्रैल को ससुरालीजनों ने लात-घूंसों व डंडों से पीटकर उसे बेटे के साथ घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जल्द कार्रवाई की जाएगी।