औरैया। सर्दी का सितम और बढ़ गया है। शनिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान चार व अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण गलन भी बढ़ गई। जगह-जगह अलाव जलाकर लोग तापते दिखे। कोहरे के कारण दृश्यता भी करीब 70 मीटर रही। इससे वाहन चालकों परेशानी हुई। वहीं, आलू की फसल में झुलसा रोग लगने की संभावना बढ़ गई है।
शनिवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा लिया। कलक्ट्रेट व विकास भवन के दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी रूम हीटर तापते दिखे। सार्वजनिक स्थानों और दुकानों पर अलाव जलाए गए। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि शनिवार अब तक सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है।
आलू की फसल पर झुलसा रोग का खतरा बढ़ गया है। पहले बारिश और अब कोहरा और पाला फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र परवाहा के कृषि वैज्ञानिक किसानों से संपर्क करके फसल को बचाने के तरीके बता रहे हैं।
जिले में 5210 हेक्टेयर में आलू की फसल की जा रही है। शुरुआत में मानसून की बारिश देर तक होने के कारण फसल की बुवाई प्रभावित हुई थी। दिसंबर का महीना आलूू के लिए अहम था। इस महीने कोहरा नहीं पड़ा, लेकिन जनवरी में कोहरा और बारिश के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। आलू व सरसों की फसल में रोग का असर दिखाई देना लगा है। अभी शुरुआत है, ऐसे में रोकथाम की जा सकती है।