फोटो-22-सीएचसी में मरीज देखते बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम।संवाद
बिधूना। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सुबह-शाम सर्दी और दिन में तेज धूप के कारण छोटे बच्चों में खांसी, जुकाम व सांस से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। सीएचसी में उपचार के लिए आने वाले बच्चों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
बृहस्पतिवार को बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम ने बीमार बच्चों का परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम में बच्चों को खांसी के साथ जुकाम और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो रही हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति निमोनिया जैसी बीमारी में भी बदल सकती है। डॉक्टर ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को सुबह-शाम सर्दी से बचाएं और उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। धूप निकलने के बावजूद हवा ठंडी रहती है। ऐसे में बच्चों को लापरवाही से न छोड़ें।