औरैया। जिले में 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में कई जगह जलभराव हो गया। सड़क, गली मोहल्लों से लेकर सरकारी दफ्तर में बारिश का पानी भरने से लोग परेशान रहे। तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ टूटकर बिजली के तारों व खंभों पर गिर गए। इससे बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
बारिश से हुए जलभराव से नाराज लोग कई जगहों पर खुद जल निकासी करने में जुट गए। मौसम विभाग ने जिले में 108.6 एमएम बारिश रिकार्ड की है। शहर के मोहल्ला नारायनपुर में घुटनों तक पानी भर गया। लोग घरों में कैद हो गए। अजीतमल में सरकारी कार्यालयों सहित कई जगहों पर पानी भर गया। एसडीएम आवास के पास लगा बरगद का पेड़ बिजली के खंभों पर गिर गया। खंभों समेत तार टूट गए। वहीं सीओ कार्यालय के बाहर एक पेड़ गिर गया। रोडवेज परिसर, आदर्श प्राथमिक विद्यालय डायट परिसर, कर्मचारियों के आवास, अमावता विद्यालय परिसर व वन विभाग कार्यालय के बाहर जलभराव हो गया। एसडीओ विनोद शुक्ला व जेई राजवीर ने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन देखी।
तार टूटने सेे कसबा बाबरपुर के साथ ही अजीतमल तहसील व एसडीएम आवास की बिजली आपूर्ति मंगलवार देर रात से बुधवार देर शाम तक बाधित रही। जेई ने बताया कि पानी बंद होने पर ही लाइन को दुरुस्त किया जा सकेगा। एक्सईएन संतोष कुमार ने बताया कि तुर्कीपुर में भी खंभे गिर गए हैं। सभी जगह मरम्मत चालू है।
दो दिन से हो रही बारिश से सदर ब्लॉक का गांव हरी का पुरवा जलमग्न हो गया है। पानी घरों तक घुसने से गृहस्थी और अनाज खराब हो गया है। बुधवार को कई घरों में चूल्हे तक नहीं जल सके। जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि गांव में सफाई न होने से नालियां जाम हैं। बारिश में पूरा गांव जलमग्न है, रास्तों पर कई फीट पानी भरा हुआ है। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
वहीं अनाज, लकड़ी, कंडे और दैनिक उपयोग का सामान भीगने से बुरा हाल है। जिलाधिकारी ने समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर दिनेश कुशवाहा, विजय कुमार, राजेश कुमार, गगन कुमार, धर्मेंद्र सिंह, आनंद कुमार, रामस्वरूप, दिवारीलाल, सर्वेश कुमार, विक्रम, रामबाबू पाल, शिव कुमार, अरविंद कुमार, सत्येंद्र सिंह, विनोद भारतीय, धर्मेंद्र सिंह, अखिलेश, आशीष, राम सिंह, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।