औरैया में महिला की मौत का मामला
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के औरैया जिले में जनसंख्या नियंत्रण कानून के साइड इफेक्ट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का शव पंखे पर लटकते हुआ मिला है। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के परिजनों ने इस हत्या का कारण प्रदेश सरकार के जनसंख्या नियंत्रण कानून को बताया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर निवासी विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। कानपुर देहात के थाना मंगलपुर निवासी राकेश त्रिवेदी ने बताया कि उसने बेटी गौरी (29) की शादी अप्रैल 2015 में मोहल्ला गोविंद नगर निवासी अनुज मिश्रा के साथ की थी।
शादी के बाद से ही पति अनुज, जेठ अंशु, जेठानी दिव्या, देवर शिवजी, ओमजी व भोले मिश्रा, सास गीता मिश्रा, ससुर रामनरेश मिश्रा व बाबा कृष्ण प्रसाद मिश्रा दहेज में पांच लाख रुपये, एक प्लाट व गाड़ी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पुत्री का उत्पीड़न करने लगे। 2019 में दो लाख रुपये व प्लाट दे दिया।
इसके बाद भी वह खुश नहीं थे। 26 जुलाई की शाम लगभग सवा पांच बजे पुत्र गौरव के फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि गौरी की हत्या हो गई है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम में हैंगिंग से महिला की मौत की पुष्टि हुई है। मामले की जांच की जा रही है।