अजीतमल (औरैया)। अजीतमल ब्लॉक की सांफर ग्राम पंचायत के बरीपुरा गांव में जलनिकासी का इंतजाम न होने से गलियों में जलभराव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। शुक्रवार को नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। साथ ही तहसील प्रशासन को ज्ञापन देकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
बरीपुरा गांव के ग्रामीणों का शुक्रवार को जलनिकासी की समस्या को लेकर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गांव के ओमजी, विनय, हरिओम, सविंद्र, नरेंद्र व शिवदास आदि ने बताया कि सड़क से गांव के अंदर जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव होने से लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
आए दिन बुजुर्ग और बच्चे गंदे पानी में गिरकर चुटहिल होते हैं। बताया कि गांव में जल निकासी की व्यवस्था न होने से यह समस्या समस्या पैदा हुई है। गांव के लोगों ने समस्या से शीघ्र निजात दिलाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई मर्तबा शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ग्राम प्रधान शशि देवी ने बताया कि शीघ्र ही नाला निर्माण कराकर जल निकासी की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।