दिबियापुर (औरैया)। शुक्रवार सुबह सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खामी आने से वंदे भारत एक्सप्रेस फफूंद रेलवे स्टेशन से पहले खड़ी हो गई। इससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि तकनीकी टीम ने तुरंत खामी दुरुस्त की और ट्रेन को रवाना किया।
नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 2 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचने वाली नॉनस्टॉप वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह तकरीबन 9 बजकर 24 मिनट पर फफूंद रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खामी आ गई। फफूंद रेलवे स्टेशन से पहले ही ट्रेन रुक गई। तकनीकी टीम ने तकनीकी खामी दुरुस्त की और ट्रेन को रवाना किया। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने ट्रेन के फफूंद से पहले होम सिग्नल पर दो मिनट रुकने की पुष्टि की है। (संवाद)