बेला। बिधूना-बेला मार्ग पर बुधवार देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को परिजन इलाज के लिए कानपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेला थाना क्षेत्र के बांधमऊ निवासी राजनारायण राजावत (46) पुत्र बहादुर सिंह बुधवार देर रात गांव से बेला आए थे। रात लगभग नौ बजे के करीब घर लौटते वक्त उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े पेड़ से जा टकराई।
हादसे में सिर से निकलकर हेलमेट दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आ गईं। राहगीरों ने उसके पास मिले फोन से परिजनों को जानकारी दी और इलाज के लिए बिधूना सीएचसी ले गए। जहां से डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। परिजन घायल को हैलट अस्पताल लेकर गए, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कानपुर में ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पेड़ बन रहे हादसे का कारण
10 जून को बेला-बिधूना मार्ग पर पेड़ से बचने और गलत दिशा से आने पर एक बस कार से टकरा गई थी। हादसे में इटावा जिले के चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद रोडवेज बस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर एक पेड़ कटवाया था। जबकि स्थानीय लोग सड़क के बीच व किनारे में खड़े पेड़ों को हटाने की बराबर मांग कर रहे हैं, पर वन विभाग और लोक निर्माण के अधिकारियों ने अभी तक ध्यान नहीं दिया। बुधवार रात बाइक सवार राजनारायण भी इसी वजह से हादसे का शिकार हो गए।