औरैया/बिधूना/अछल्दा। सोमवार को दोपहर तेज बारिश से बारिश ने राहत दिलाई। तेज बारिश के दौरान जिले में दो स्थानों पर बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आए बिधूना कोतवाली के ग्राम सराय प्रथम में एक 12 वर्षीय बालक समेत दो लोगों की जानवर चराते समय मौत हो गई। प्रशासन के देर से पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा किया। वहीं अछल्दा थाना के ग्राम मानिकपुर में एक भट्टे में बिजली के गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए। तहसील प्रशासन ने दैवी आपदा के तहत आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर बिधूना कोतवाली के ग्राम सराय प्रथम निवासी अरविंद का पुत्र आकाश (12) बकरी चराने के लिए घर से तीन बजे निकला था। वह गांव के बाहर खेतों में बकरी चरा रहा था। इसी बीच हल्की बारिश के दौरान बिजली उस पर गिरी। जिससे आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने खेत में आकाश के शव को पड़ा देख इसकी जानकारी गांव के लोगों और उसके परिवारीजनों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस और तहसील प्रशासन को दी। सूचना दिए जाने के दो घंटे तक एसडीएम रमापति के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रेम नारायण प्रजापति ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहसीलदार प्रेम नारायण ने ग्रामीणों को दैवी आपदा के तहत मृतक के परिवारीजन को शासन से आर्थिक मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
इधर अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर स्थित साईं बाबा ईंट उद्योग पर भी बिजली गिरी। जहां काम कर रहे तीन मजदूर जीत लाल (30) पुत्र देवता निवासी पुरी निवाझी थाना लालगंज प्रतापगढ़, धर्मेंद्र कुमार (20) पुत्र पुत्ती निवासी ग्राम झांझउ थाना लालगंज प्रतापगढ़, लवकुश (18) पुत्र शंभू निवासी पूरी निवाझि थाना लाल गंज प्रताप गढ़ घायल हो गए और चीखने लगे। यह देख अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी भट्टा मालिक को दी। भट्टे पर मौजूद लोगों ने इन घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी पर एसडीएम बिधूना रमापति और सीओ बिधूना लालता प्रसाद शुक्ला मौके पर पहुंच गए।