बिधूना(औरैया)। क्षेत्र के भिखरा सरैया में अवैध खनन की जानकारी पर शुक्रवार रात पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही खनन करा रहा माफिया भाग गया। मौके पर जेसीबी व ट्रैक्टर को पकड़कर सीज किया गया है।
भिखरा सरैया में काफी दिन से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। शुक्रवार रात बिधूना-रामगढ़ मार्ग के पास खनन की सूचना पर उप निरीक्षक मुकेश कुमार टीम के साथ वहां पहुंचे।
पुलिस को देखकर माफिया और कुछ मजदूर मौके से भाग गए। पुलिस ने खनन स्थल से एक जेसीबी व ट्रैक्टर बरामद किया है। थाना प्रभारी शशांक राजपूत ने बताया कि दोनों वाहनों को सीज किया गया है। खनन करने वाले माफिया का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।