औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। इसमें बाइक सवार दंपती व पुत्र, पुत्री घायल हो गए।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव भीखेपुर निवासी कुलदीप शर्मा (30) बुधवार को संदलपुर के गांव सुमेर का पुर्वा स्थित ससुराल से पत्नी बबली (25), पुत्र आदित्य (5) व ढाई साल की मासूम पुत्री डॉली को लेकर बाइक से घर लौट रहा था। शाम लगभग साढ़े छह बजे सदर कोतवाली क्षेत्र में सांई मंदिर के सामने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। इसमें बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से 50 शय्या जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने सभी घायलों को सैफई रेफर कर दिया। डॉली की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में घायल बाइक चालक कुलदीप शर्मा हेलमेट लगाए था। अस्पताल में घायल कुलदीप ने बताया कि रक्षाबंधन पर उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी। मंगलवार को पुत्र आदित्य की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पूरे परिवार को वापस लेकर घर भीखेपुर जा रहा था।