औरैया। शहर के सटे गांव बरमूपुर में चोरों ने किसान के घर से नकदी लाखों के जेवर पार कर दिए। सुबह सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पिता व बेटे ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।
गांव बरमूपुर निवासी प्रहलाद सिंह के दो बेटे हैं। छोटे बेटे अर्पित की शादी पांच माह पहले महिला आरक्षी के साथ हुई थी जो वर्तमान में फैजाबाद में तैनात है। घर में बेटे, पिता व मां रहते हैं। बुधवार रात भोजन करने के बाद सभी लोग सोने चले गए। गुरुवार सुबह पिता ने डायल 112 पुलिस को घर में चोरी की सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए।
इस दौरान प्रहलाद में घर के कमरे में रखी अलमारी से 10 लाख रुपये व जेवर पार होने की बात कही जबकि बेटे ने अलमारी से 50 हजार रुपये व जेवर पार करने की बात कही। हल्का प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि जांच में किसी भी कमरे का ताला नहीं टूटा मिला। साथ ही जिस अलमारी में चोरी की बात कही गई उसका की ताला टूटा नहीं मिला। प्रहलाद ने छत के रास्ते घर में घुसकर चोरों द्वारा 10 लाख रुपये व लाखों के जेवर पार होने की बात पुलिस को बताई है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।