फोटो05एयूआरपी 17- होटल पर छापेमारी करती कोतवाली पुलिस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। लकी ड्रा के नाम पर युवक और युवतियों के धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित एक होटल में छापा मारा। वहां से पुलिस ने 15-16 युवक व युवतियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। इन लोगों से पूछताछ में मामला एक बीमा कंपनी की सेमिनार का निकला, तो पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद हिरासत में लिए गए सभी लोगों को छोड़ दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के सुंदरीपुर गांव निवासी महाराज सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले इटावा रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप से वह पेट्रोल लेने गए थे। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसका मोबाइल नंबर व नाम पूछा था। शनिवार की सुबह उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि लकी ड्रा में आपका इनाम निकला है और होटल का नाम लेते हुए पत्नी के साथ आने को कहा।
फ्री गिफ्ट मिलने की बात सुनकर वह पत्नी को लेकर होटल में पहुंच गए। वहां मौजूद युवक और युवतियां बीमा के संबंध में उन्हें जानकारी देने लगे। इस दौरान उन लोगों ने आधार कार्ड, फोटो व अन्य जरूरी कागजात के साथ ही किस्त के रुपये मांगे। पैसा न होने की बात कहने पर एक युवती ने कहा कि पैसा नहीं था तो क्यों होटल में आ गए। इस पर उन्होंने पुलिस को धोखाधड़ी किए जाने की सूचना दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची होटल में मौजूद 15-16 लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि एक बीमार कंपनी की सेमिनार होटल में चल रही थी। इसमें महाराज सिंह बुलाया गया था। वहां कर्मचारियों की बीमा कराने के लिए कागजात व किस्त के पैसे थे, जिसको उसने फ्राड समझ लिया। जांच में आरोप सही नहीं पाए गए। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को थाने से छोड़ दिया गया।